बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में एक ही रात लगातार लूट और झपटमारी की वारदात को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाले 5 नाबालिगों (विधि से संघर्षरत बालकों) को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए 3 मोबाइल, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और एक बटनदार चाकू बरामद किया है।
एक ही रात तीन अलग-अलग स्थानों पर की वारदात:
24-25 नवंबर 2026 की दरमियानी रात आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था:
व्यापार विहार मार्ग (तालापारा बजरंग चौक): अशोक नगर सरकंडा निवासी ललित कुमार यादव (22 वर्ष) को तड़के 3:30 बजे स्कूटी सवार तीन लड़कों ने रोककर चाकू दिखाया और 10,000 रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल लूट लिया।
रवि हाइट्स के पास: बलरामपुर से बस द्वारा बिलासपुर पहुंचे अक्षय कुमार गुप्ता जब तड़के 3:00 बजे राजीव गांधी चौक से अपने किराए के मकान की ओर पैदल जा रहे थे, तभी स्कूटी सवार तीन लड़कों ने चाकू की नोक पर उनका 22,000 रुपये का मोटोरोला मोबाइल छीन लिया।
अमलतास कॉलोनी (मंगला बायपास रोड): प्रार्थी अंकित पटेल को भी स्कूटी सवारों ने रोककर मोबाइल झपट लिया और फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
एक ही रात में तीन वारदात होने से क्षेत्र में फैले तनाव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बिलासपुर के निर्देशन में थाना सिविल लाइन की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लड़के लूटे गए मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहे हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने 5 लड़कों को पकड़ा, जो सभी नाबालिग निकले।
पूछताछ में आरोपियों ने तीनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों प्रकरणों (अप.क्र. 1586/2026, 1588/2026 एवं 1589/2026 – धारा 309(4), 304(2), 3(5) बीएनएस व 25, 27 आर्म्स एक्ट) में कार्रवाई करते हुए सभी नाबालिगों को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड (बाल न्यायालय) के समक्ष पेश कर दिया है।





