👉 बारिश से प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत, सुविधानुसार नए टोकन जारी करने के निर्देश


🌍 बिलासपुर, 23 नवंबर 2026 :- छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच किसानों की सुविधा और खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने निरीक्षण तेज कर दिया है। इसी क्रम में अपर मुख्य सचिव एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी सचिव श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने सोमवार को बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव और सैदा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से धान खरीदी पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से लेकर निगरानी व्यवस्था तक की जांच
प्रभारी सचिव ने खरीदी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की चेकलिस्ट के अनुसार जांच की। उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों के नाम एवं मोबाइल नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित करने और नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने सामने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की जांच भी कराई।
बारिश से प्रभावित किसानों को मिलेगी टोकन में राहत
पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश के कारण खरीदी केंद्रों में किसानों की आवक कम रही। खरीदी केंद्रों के फड़ गीले होने से भी धान बेचने की प्रक्रिया प्रभावित हुई।
इस स्थिति को देखते हुए प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि जिन किसानों ने टोकन लिया था, लेकिन बारिश के कारण धान नहीं बेच पाए, उन्हें उनकी सुविधा के अनुसार आगामी तिथि का टोकन जारी किया जाए।
उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर बारिश से फसलों पर पड़े प्रभाव की जानकारी भी ली। किसानों ने बताया कि तैयार फसल वाले खेतों में पानी भरने के कारण हार्वेस्टर से कटाई करने में कठिनाई हो रही है।
सुरक्षित भंडारण पर भी प्रशासन की नजर
प्रभारी सचिव ने खरीदी के बाद केंद्रों में सुरक्षित रखे धान का निरीक्षण किया। तिरपाल से ढके होने के कारण धान को बारिश से नुकसान नहीं पहुंचने की जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान की सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था लगातार बनाए रखी जाए।
रानीगांव के 400 किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियां, 250 का सुधार
निरीक्षण के दौरान समिति स्तर पर किसानों के रिकॉर्ड सुधार कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि रानीगांव में लगभग 400 किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियां थीं। इनमें से करीब 250 किसानों के रिकॉर्ड पिछले दो-तीन दिनों में सुधार दिए गए हैं, जबकि शेष लगभग 150 किसानों के रिकॉर्ड सुधार के प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे जा चुके हैं।
प्रभारी सचिव ने रिकॉर्ड सुधार का कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी पात्र किसान को धान बेचने में परेशानी न हो।
21 क्विंटल प्रति एकड़ आदान सहायता की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश
प्रभारी सचिव ने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी पूरे 21 क्विंटल के मान से आदान सहायता दिए जाने संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को इस संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाए।
प्रशासन के सामने बड़ी जिम्मेदारी
धान खरीदी के दौरान पारदर्शिता, इलेक्ट्रॉनिक तौल की शुद्धता, किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियों का निराकरण, बारिश से प्रभावित किसानों को टोकन में राहत और खरीदे गए धान की सुरक्षा जैसे विषय बेहद महत्वपूर्ण हैं।
अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना प्रभावी पालन होता है और किसानों को समय पर इसका लाभ मिल पाता है।
सतपाल सिंह भदराजा
प्रदेश अध्यक्ष/संस्थापक — न्यूज पोर्टल पत्रकार संघ भारत
प्रधान संपादक — सत्य ज्ञान समागम प्रेस
न पक्ष, न विपक्ष — केवल निष्पक्ष जनहित पत्रकारिता।










