👉 बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बेमेतरा, बिलासपुर, मुंगेली और जांजगीर-चांपा सहित कई क्षेत्रों में ट्रकों को बनाते थे निशाना, फर्जी नंबर प्लेट बदलकर देते थे वारदात को अंजाम


🌍 बेमेतरा, 1 नवंबर 2026 :- छत्तीसगढ़ में हाईवे और पेट्रोल पंपों के आसपास खड़े मालवाहक वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का बेमेतरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन में की गई कार्रवाई में नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 504 लीटर डीजल, चोरी में इस्तेमाल की गई दो स्कॉर्पियो गाड़ियां, नकदी और डीजल निकालने के उपकरण सहित कुल लगभग 36 लाख 6 हजार 419 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह बेमेतरा, बिलासपुर, मुंगेली और जांजगीर-चांपा सहित अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क किनारे खड़े ट्रकों और कंटेनर वाहनों को निशाना बनाता था। वारदात के दौरान वाहनों की पहचान छिपाने के लिए स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट में भी हेरफेर किया जाता था।
550 लीटर डीजल चोरी की शिकायत से खुला मामला
पुलिस के मुताबिक 26 अक्टूबर 2026 को ट्रक चालक अनीश कुमार बघेल ने थाना नांदघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर को नागपुर से नमकीन का सामान लोड कर झारखंड जा रहे दो कंटेनर ट्रक ग्राम चिचोली स्थित जियो पेट्रोल पंप के पार्किंग स्थल पर खड़े किए गए थे।
रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने दोनों ट्रकों की डीजल टंकियों के ताले तोड़कर पाइप की सहायता से डीजल निकाल लिया।
एक ट्रक से 350 लीटर और दूसरे ट्रक से 200 लीटर, इस प्रकार कुल 550 लीटर डीजल चोरी हुआ था। इसकी कीमत लगभग 54,450 रुपये बताई गई।
फर्जी नंबर प्लेट और दो स्कॉर्पियो से देते थे वारदात को अंजाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना नांदघाट, सिटी कोतवाली बेमेतरा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस पूछताछ के अनुसार आरोपी दो स्कॉर्पियो वाहनों का उपयोग करते थे। वाहनों की वास्तविक पहचान छिपाने के लिए डिजिटल नंबर प्लेट में बदलाव कर फर्जी पंजीयन नंबर का इस्तेमाल किया जाता था। गिरोह के सदस्य मोबाइल फोन के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में रहते और चोरी के बाद डीजल बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।
कई जिलों में चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में डीजल चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें बेमेतरा के रांका, बेतर, सैगोना, जांजगीर-चांपा के बाराद्वार, सिमगा, बिलासपुर के ढेका, सरगांव, मस्तूरी और नांदघाट क्षेत्र की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अलग-अलग घटनाओं में सैकड़ों लीटर डीजल चोरी कर बिक्री करने की बात बताई है। इन सभी घटनाओं की विवेचना की जा रही है।
दो स्कॉर्पियो सहित 36 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री जब्त की गई है:
- सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BV 4596 – कीमत 17 लाख रुपये।
- सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 11 BS 6684 – कीमत 17 लाख रुपये।
- डीजल – 504 लीटर, कीमत 52,419 रुपये।
- डीजल बिक्री की नकद रकम – 1 लाख 54 हजार रुपये।
- एक मोबाइल फोन।
- डीजल चोरी में इस्तेमाल होने वाली पाइप।
कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 36,06,419 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार किए गए नौ आरोपी
- निखिलदास मानिकपुरी, उम्र 23 वर्ष।
- सूरज कुर्रे, उम्र 19 वर्ष।
- मनीष कुमार जांगड़े उर्फ मोना, उम्र 28 वर्ष।
- संजीत कुमार अनंत, उम्र 23 वर्ष।
- जयकरण खुंटे, उम्र 30 वर्ष।
- शुभम जांगड़े, उम्र 18 वर्ष।
- उपेन्द्र उर्फ ननकी यादव, उम्र 42 वर्ष।
- रेशम उर्फ मोनू यादव, उम्र 26 वर्ष।
- राजेश कोयल, उम्र 45 वर्ष।
सभी आरोपी जिला जांजगीर-चांपा के बलौदा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 318(2), 336(3), 338, 340(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की है। सभी नौ आरोपियों को 31 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नांदघाट निरीक्षक लेखराम ठाकुर, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक मोहन लाल साहू, सउनि कंवल सिंह नेताम सहित थाना एवं साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
👉 रतनपुर-बिलासपुर-रायपुर बायपास पर भी डीजल चोरी की शिकायतों पर कार्रवाई जरूरी
बेमेतरा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब रतनपुर, बिलासपुर और रायपुर बायपास रोड पर भी खड़े ट्रकों एवं मालवाहक वाहनों से डीजल चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेने की जरूरत है।
यदि इन मार्गों पर भी इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं, तो संबंधित थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित गश्त, पेट्रोल पंपों एवं पार्किंग स्थलों की निगरानी, सीसीटीवी फुटेज की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखनी चाहिए।
सवाल यह है कि क्या रतनपुर से बिलासपुर और रायपुर बायपास तक सक्रिय डीजल चोरों पर भी जल्द कार्रवाई होगी?
ट्रक चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस को इन मार्गों पर भी विशेष अभियान चलाकर डीजल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना चाहिए।
सत्य ज्ञान समागम न्यूज लाइव जन हित सर्वोपरि | न पक्ष, न विपक्ष, केवल निष्पक्ष जनहित।








