बिलासपुर (छत्तीसगढ़):
मस्तुरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल और जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर जिला पंचायत बिलासपुर के सदस्य दामोदर कांत ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। 


इन प्रमुख मार्गों की स्थिति है बेहद जर्जर
दामोदर कांत द्वारा प्रशासन को सौंपे गए स्मरण पत्र के अनुसार, क्षेत्र की जनता लंबे समय से जिन मुख्य मार्गों की बदहाली से जूझ रही है, उनमें प्रमुख हैं:

- ग्राम लावर से गिधपुरी पहुँच मार्ग।
- ग्राम केवतरा से चिल्हाटी पहुँच मार्ग।
- ग्राम बकरकुदा से मटिया पहुँच मार्ग।
प्रशासन और शासन स्तर पर सुनवाई न होने का आरोप
दामोदर कांत ने बताया कि उन्होंने इन महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए पहली बार 22 सितंबर 2026 को लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके बावजूद 28 अक्टूबर 2026 तक न तो सड़कों के निर्माण के लिए कोई प्रशासनिक स्वीकृति मिली, न ही किसी प्रकार का बजट आवंटन हुआ और न ही कार्य प्रारंभ होने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने आई। इसी प्रशासनिक लापरवाही और उपेक्षा से क्षुब्ध होकर उन्होंने यह कड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है।
02 नवंबर को लावर मोड़ पर भूख हड़ताल
जारी सूचना के अनुसार, यदि तय समय सीमा के भीतर सड़कों के निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं होती है, तो दिनांक 02.11.2026 को समय दोपहर 12:00 बजे से लावर मोड़ मेन रोड के पास भूख हड़ताल की जाएगी।
इस अल्टीमेटम और पूर्व सूचना की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मस्तुरी तथा थाना प्रभारी मस्तुरी को सूचमार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। इस आंदोलन की चेतावनी के बाद से स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।



