👉 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल को बताया किसान हितैषी, बिलासपुर में अधिकारियों से जानी धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया


🌍 बिलासपुर, 25 नवंबर 2026 :- छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 21 क्विंटल प्रति एकड़ निर्धारित सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने के निर्णय की उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय ने सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इस पहल को किसानों के हित में महत्वपूर्ण और संवेदनशील निर्णय बताया।
एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के खाद्य मंत्री श्री पांडेय ने सर्किट हाउस में खाद्य विभाग एवं सहकारी बैंक के अधिकारियों के साथ बैठक कर छत्तीसगढ़ में संचालित धान खरीदी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
चर्चा के दौरान अधिकारियों ने उन्हें बताया कि राज्य में निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने का प्रावधान किया गया है। इससे उन किसानों को भी आर्थिक लाभ मिल सकेगा, जो घरेलू जरूरतों अथवा अन्य कारणों से अपनी पूरी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाते हैं।
श्री पांडेय ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार उपज रखने और शेष धान बेचने की सुविधा के साथ पूरी आदान सहायता मिलना किसान हित में अच्छी पहल है। यह निर्णय किसानों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
बैठक में उन्होंने किसान पंजीयन, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था, धान खरीदी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, तौल प्रक्रिया और किसानों को भुगतान की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्य विभाग की योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम श्री नितिन दीवान, जिला विपणन अधिकारी श्री उपेंद्र खांडे, खाद्य अधिकारी श्री राजीव लोचन तिवारी, सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभात मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सतपाल सिंह भदराजा
प्रदेश अध्यक्ष/संस्थापक – न्यूज पोर्टल पत्रकार संघ भारत
प्रधान संपादक – Satya Gyan Samagam Press
जनहित सर्वोपरि | न पक्ष, न विपक्ष, केवल निष्पक्ष जनहित।








