🌍 बिलासपुर, 12 सितंबर 2026। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, कोनी में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में साइबर जागृति अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं में जागरूकता एवं सतर्कता को सबसे बड़ा सुरक्षा कवच बताया।उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल, इंटरनेट और ऑनलाइन माध्यम हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों के नए-नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। थोड़ी सी असावधानी से आर्थिक नुकसान के साथ-साथ व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी भी अपराधियों के हाथ लग सकती है।उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव हैं।साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारीकार्यक्रम में आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध कॉल या संदेश पर व्यक्तिगत अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करें।आईजी श्री गर्ग ने कहा कि साइबर अपराध होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देना जरूरी है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।युवाओं को बनाया जा रहा जिम्मेदार डिजिटल नागरिकसाइबर जागृति अभियान के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, उनसे बचाव के उपायों और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम के माध्यम से “स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें” का संदेश दिया गया।इस अवसर पर प्रभारी कुलपति डॉ. एच.एस. होता, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, कुलसचिव श्री तारणीश गौतम, ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष श्री मोहित जायसवाल, एनएसएस प्रभारी प्रोफेसर श्री मनोज सिन्हा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा उपस्थित रहे।











