👉 22.10 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होगी सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनासकांठा से करेंगे किस्त जारी


🌍 बिलासपुर :- जिले के लाखों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा में आयोजित किसान सम्मेलन से सुबह 10 बजे देशभर के पात्र किसानों के खातों में सहायता राशि अंतरित करेंगे। इस योजना के तहत बिलासपुर जिले के लगभग 1 लाख 34 हजार किसानों के बैंक खातों में 22 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की राशि सीधे जमा होगी।
इस अवसर पर बिलासपुर जिले में भी पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सरकंडा में आयोजित किया जाएगा। यहां किसान एवं जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से देखेंगे।
उप संचालक कृषि एम.आर. तिग्गा ने बताया कि जिले के विकासखंड कार्यालयों, पंचायत मुख्यालयों, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों एवं मंडियों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें किसानों की सहभागिता रहेगी।
हर साल मिलते हैं 6 हजार रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।
किस्त पाने के लिए ये शर्तें जरूरी
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का भूमि संबंधी विवरण एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकृत होना, बैंक खाते का आधार से लिंक होना तथा ई-केवाईसी पूर्ण होना अनिवार्य है। किसान पीएम किसान पोर्टल पर उपलब्ध ‘Know Your Status’ सुविधा के माध्यम से अपनी किस्त की स्थिति भी जांच सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपने दस्तावेज एवं ई-केवाईसी की स्थिति जांच लें और किसी प्रकार की समस्या होने पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क करें।
जनहित संदेश: किसान भाई अपनी किस्त की स्थिति पहले ही जांच लें, ताकि सहायता राशि प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो।
सत्य ज्ञान समागम न्यूज लाइव जनहित सर्वोपरि | न पक्ष, न विपक्ष, केवल निष्पक्ष जनहित







