बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने जोरापारा तालाब के पास सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर आम लोगों व राहगीरों को कथित तौर पर डराने-धमकाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जोरापारा तालाब के पास एक युवक अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।तलाशी के दौरान युवक के पास से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ओमेश सिंह ठाकुर (पिता राजेंद्र सिंह ठाकुर, उम्र 18 वर्ष 3 माह, निवासी सीएमएचओ ऑफिस कैंपस, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर) बताया। हथियार रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश न कर पाने पर चाकू को विधिवत जब्त किया गया।यह कार्रवाई बिलासपुर डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन, एएसपी शहर पंकज पटेल व सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में की गई। आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई।बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि असामाजिक तत्वों या अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।





