👉 प्रेस क्लब बिलासपुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और हेलमेट देकर किया सम्मानित


🌍 बिलासपुर :- राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब बिलासपुर में पत्रकारों ने रक्तदान कर सामाजिक सरोकार और मानवता की सेवा की अनुकरणीय मिसाल पेश की। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 40 यूनिट रक्तदान किया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना रहा। शिविर के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
श्रीजा एजुकेशन एवं वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। अपने व्यस्त पत्रकारिता कार्यों के बीच समय निकालकर रक्तदान करने वाले पत्रकारों ने यह संदेश दिया कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी माध्यम है।
रक्त संग्रहण की व्यवस्था साईं ब्लड एंड कंपोनेंट्स सेंटर के संचालक सुदर्शन सिंह राजपूत एवं उनकी टीम द्वारा संभाली गई। पूरी टीम ने शिविर में रक्त संग्रहण की प्रक्रिया संपन्न कराई।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक यूनिट रक्त भी किसी गंभीर मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया। प्रेस क्लब की ओर से पत्रकारों को हेलमेट वितरित किए गए, ताकि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित रहें।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित इस आयोजन ने यह साबित किया कि पत्रकार समाज की समस्याओं को उजागर करने के साथ-साथ जरूरत के समय समाज की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रेस क्लब पदाधिकारियों, पत्रकारों, रक्तदाताओं एवं स्वास्थ्य टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
सतपाल सिंह भदराजा
प्रदेश अध्यक्ष/संस्थापक — न्यूज पोर्टल पत्रकार संघ भारत
प्रधान संपादक — सत्य ज्ञान समागम प्रेस










