🌍 बिलासपुर, 23 सितंबर 2026। ग्यारहवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग, बिलासपुर द्वारा चिंगराजपारा में जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के 973 नागरिकों को आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इस दौरान विभिन्न रोगों की जांच एवं उपचार के साथ शुगर, बीपी, आंख एवं सिकलिंग सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य मेले में सर्दी-खांसी से संबंधित 236, चर्म रोग के 143, एब्डोमिनल बीमारी के 259, दर्द संबंधी 240, दंत रोग के 52 तथा आंखों की जांच 42 लोगों की गई। इसके अलावा 26 लोगों की सिकलिंग, 79 की शुगर और 85 लोगों की बीपी जांच की गई। मेले का शुभारंभ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने भगवान धन्वंतरि के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, वार्ड पार्षद श्रीमती रेखा सूर्यवंशी एवं श्रीमती रानी शैलेश देवांगन उपस्थित रहीं। जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव ने आयुष विभाग एवं आयुष्मान भारत के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी दी। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आयुष विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा प्रभावी चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से आम नागरिकों को आयुष चिकित्सा पद्धति से जोड़ने पर जोर दिया। पारंपरिक चिकित्सा और मिलेट्स को बढ़ावा देने वालों का सम्मान कार्यक्रम के दौरान मिलेट्स के उपयोग को बढ़ावा देने एवं उन्हें जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए तुलसी मिलेट्स के संचालक श्री लक्ष्मीनारायण अग्रवाल को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए परंपरागत वैद्य डॉ. अशोक शिरोडे एवं डॉ. मनीषा शिरोडे का भी शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल कुमार सोनी ने किया। आयुष स्वास्थ्य मेले में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न जांच सुविधाओं का लाभ लिया। आयोजन के माध्यम से आयुष चिकित्सा पद्धति, पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान और मिलेट्स के उपयोग को लेकर जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया।











