🌍 बेमेतरा, 30 सितम्बर 2026। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) ने पुलिस कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, आपराधिक मामलों सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए। एसपी ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को शिकायतों की जांच कर शीघ्र एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव थी, उनमें मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए, जबकि विस्तृत जांच की आवश्यकता वाले मामलों को संबंधित अधिकारियों को विधिवत कार्रवाई के लिए भेजा गया।एसपी श्री त्रिलोक बंसल ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, स्टेनो श्री संतोष सोनवानी सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


सत्य ज्ञान समागम न्यूज लाइव प्रेस — जनहित की खबर, निष्पक्ष खबर।








