🌍 धरमजयगढ़ :- भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री राधेश्याम राठिया लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर जनजातीय समाज के वरिष्ठजनों से मुलाकात की और उन्हें व्यक्तिगत रूप से समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया।इस दौरान सांसद राधेश्याम राठिया ने राठिया, कंवर एवं गोंड समाज सहित विभिन्न जनजातीय समाज के वरिष्ठजनों से सौजन्य भेंट की। उन्होंने सभी से सपरिवार एवं समाज के लोगों के साथ अधिक से अधिक संख्या में 15 नवंबर को धरमजयगढ़ पहुंचकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की।सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और बलिदान देश के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी जनजातीय संस्कृति, परंपरा, अस्मिता और गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के योगदान और समाज की विरासत से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस जनसंपर्क एवं आमंत्रण अभियान के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष (अजजा मोर्चा), रायगढ़ नवल राठिया भी सांसद के साथ उपस्थित रहे।जनजातीय समाज की एकजुटता, सहभागिता और सांस्कृतिक गौरव के संदेश के साथ धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को होने वाले इस आयोजन को यादगार बनाने की तैयारियां जारी हैं।










