👉 डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का झांसा देकर कारोबारी से लाखों रुपये लेने का आरोप, पुलिस ने कई जगह दबिश देकर आरोपी को दबोचा


🌍 नुआपाड़ा (ओडिशा) :- कोका-कोला उत्पादों की आधिकारिक डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का झांसा देकर ₹35 लाख से अधिक की कथित ठगी करने के मामले में नुआपाड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष टीम ने मामले के कथित मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश नायक (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बालासोर जिले के सोरो थाना क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपुर गांव निवासी पीतांबर नायक का पुत्र बताया गया है।
मामले में नुआपाड़ा निवासी मनोज कुमार पाधी के पुत्र अनुज पाधी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने अनुज पाधी को नुआपाड़ा क्षेत्र में कोका-कोला उत्पादों की आधिकारिक एजेंसी एवं डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी के आश्वासन पर विश्वास करते हुए पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में ₹35 लाख से अधिक की रकम ट्रांसफर कर दी।
आरोप है कि रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी ने न तो डिस्ट्रीब्यूटरशिप उपलब्ध कराई और न ही पैसे वापस किए। इसके बाद वह फरार हो गया।
दिल्ली में कई स्थानों पर पुलिस की दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सब-इंस्पेक्टर हरेकृष्ण जानी के नेतृत्व में नुआपाड़ा पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी जानकारी, खुफिया इनपुट और सर्विलांस के आधार पर दिल्ली में कई स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी दिनेश नायक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर नुआपाड़ा लाया गया और सोमवार को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया।
बीएनएस की आठ धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, नुआपाड़ा थाना में केस क्रमांक 40/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 296, 318(4), 336(2), 336(3), 340(2), 351(4), 3(5) और 338 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित ठगी में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं तथा इस तरह से और कितने लोगों को निशाना बनाया गया है।
जनहित संदेश: किसी भी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप या एजेंसी लेने से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, अधिकृत कार्यालय और दस्तावेजों से उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। बिना सत्यापन किसी व्यक्ति के खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर करने से बचें।
पुष्पांजलि देवांगन
ओड़िशा ब्यूरो चीफ, नुआपाड़ा








