👉 तीन महीने में ही सड़क की हालत खराब होने का आरोप, गुणवत्ता पूछने पर ठेकेदार के प्रतिनिधि की कथित दबंगई; दोषियों को नहीं छोड़ा जाएगा – भरत वर्मा
🌍 राजनांदगांव/छत्तीसगढ़ :- जनता की गाढ़ी कमाई से करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डोंगरगांव से मोहला के बीच लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सड़क तथा बालोद-दल्ली राजहरा-मानपुर-मोहला मार्ग की स्थिति को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।


भरत वर्मा के अनुसार, 20 नवंबर को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के प्रवास के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन को लेकर कमियां दिखाई दीं। उनका आरोप है कि सड़क के किनारों पर बनाए जाने वाले सोल्डर में मिट्टी का इस्तेमाल किया गया है तथा गिट्टी-बजरी और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बालोद-दल्ली राजहरा-मानपुर-मोहला मार्ग निर्माण के महज तीन महीने के भीतर ही खराब होने लगा है। सामान्य बारिश में सड़क की स्थिति प्रभावित होना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था की जांच की आवश्यकता दर्शाता है।
गुणवत्ता पर सवाल पूछने पर कथित तौर पर दिखाई गई धौंस
भरत वर्मा ने बताया कि कुमर्दा में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जब उन्होंने ठेकेदार के प्रतिनिधि से सवाल किए, तो तकनीकी जवाब देने और कमियों पर चर्चा करने के बजाय कथित तौर पर अधिकारियों तक पहुंच होने की धौंस दिखाई गई। उनके अनुसार, प्रतिनिधि ने ‘जो उखाड़ना है उखाड़ लो’ जैसी भाषा का इस्तेमाल किया।
इस घटनाक्रम ने सरकारी निर्माण कार्यों में जवाबदेही और ठेकेदारों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब जनप्रतिनिधि और आम नागरिक सार्वजनिक धन से हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जानना चाहते हैं, तो उन्हें संतोषजनक जवाब क्यों नहीं मिलना चाहिए?
सड़क हादसों और जनसुरक्षा पर भी चिंता
भरत वर्मा ने दावा किया कि संबंधित सड़क निर्माण और आवागमन के दौरान दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है तथा अनेक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने इस संबंध में दुर्घटनाओं के आधिकारिक आंकड़ों और सड़क सुरक्षा की स्थिति की जांच कराने की आवश्यकता जताई।
दोषी ठेकेदार और अधिकारियों को नहीं छोड़ा जाएगा – भरत वर्मा
भरत वर्मा ने स्पष्ट कहा कि जनता के पैसे से बनने वाली सड़क में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य में यदि तकनीकी मानकों की अनदेखी, घटिया सामग्री का इस्तेमाल अथवा निगरानी में लापरवाही प्रमाणित होती है, तो संबंधित ठेकेदार के साथ जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ और शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे क्षेत्र की जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करेंगे।
प्रशासन से उठते महत्वपूर्ण सवाल
- लगभग 300 करोड़ रुपये की सड़क निर्माण परियोजना की गुणवत्ता की नियमित जांच कौन कर रहा है?
- निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की लैब टेस्टिंग और गुणवत्ता परीक्षण की रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जाती?
- सड़क निर्माण के दौरान नियुक्त तकनीकी अधिकारियों ने अब तक क्या निरीक्षण किया?
- यदि निर्माण कार्य में खामियां पाई जाती हैं, तो संबंधित ठेकेदार पर क्या कार्रवाई होगी?
- सड़क निर्माण के दौरान हुई दुर्घटनाओं की जांच और सुरक्षा उपायों की समीक्षा किस स्तर पर हुई है?
- क्या निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी?
सत्य ज्ञान समागम लाइव न्यूज प्रेस का जनहित में सवाल: सड़क जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए बनाई जाती है, न कि सरकारी धन की बर्बादी के लिए। इसलिए संबंधित विभाग को निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट, भुगतान विवरण और निरीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए। यदि अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं, तो ठेकेदार से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों तक नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
न पक्ष, न विपक्ष – केवल निष्पक्ष जनहित।
सतपाल सिंह भदराजा
प्रदेश अध्यक्ष/संस्थापक – न्यूज पोर्टल पत्रकार संघ भारत
प्रधान संपादक – Satya Gyan Samagam Press







