🌍 खैरागढ़ : – खैरागढ़ में सरस मेले की कवरेज के दौरान वरिष्ठ पत्रकार किशोर सोनी के साथ हुई मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना पर ‘न्यूज पोर्टल पत्रकार संघ भारत’ ने कड़ा रोष जताया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह भदराजा ने इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए इसे “अति निंदनीय” करार दिया और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।बाइक हटाने को लेकर हुआ था विवाद पत्रकार संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर के अनुसार, मेले के दौरान बाइक साइड करने की मामूली बात पर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद सीएएफ (CAF) जवान द्वारा पत्रकार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पत्रकारों में भारी आक्रोश फैल गया।फतेह सिंह मैदान पर दो घंटे धरना, सीएएफ जवान निलंबित घटना के विरोध में जिले भर के पत्रकार एकजुट होकर फतेह सिंह मैदान के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। पत्रकारों ने करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी जवान पर तत्काल कार्रवाई व अपनी पुरानी मांगों के निराकरण की मांग रखी।


मामला बढ़ता देख प्रशासन हरकत में आया : विरोध के बाद संबंधित सीएएफ जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एडिशनल एसपी रूपेश कुमार डांडे ने बताया कि मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने स्वयं धरना स्थल पर पहुंचकर पत्रकारों से चर्चा की और उनकी स्थानीय समस्याओं व लंबित मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पत्रकार संघ की मांग’ न्यूज पोर्टल पत्रकार संघ भारत’ के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह भदराजा ने कहा कि फील्ड में काम कर रहे पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पत्रकारों की लंबित मांगों का समय बद्ध तरीके से निराकरण किया जाए।









